Admission Enquiry
×
Admission Enquiry

सुपर स्टूडेंट अवॉर्ड का गरिमापूर्ण भव्य आयोजन

450 बहुमुखी प्रतिभा सम्पन्न विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

सर्वांगीण शिक्षा और विद्यार्थियों के चहुँमुखी विकास को ध्यान में रखते हुए पैसिफिक यूनिवर्सिटी द्वारा आयोजित सुपर स्टूडेंट अवॉर्ड सीजन-5 के अंतर्गत उदयपुर शहर के 60 विद्यालयों के 450 प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। इन विद्यार्थियों ने न केवल बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, बल्कि खेलकूद, नृत्य, संगीत, कला, संस्कृति, सामाजिक सेवा आदि क्षेत्रों में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। साथ ही उन्हें मार्गदर्शन एवं प्रेरणा देने वाले 120 शिक्षकों एवं प्रशिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) लोकेश भारती ने विद्यार्थियों के समग्र विकास और जिम्मेदार नागरिक निर्माण में नई शिक्षा नीति के योगदान की सराहना की। उन्होंने विद्यालयों एवं महाविद्यालयों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा करते हुए विद्यार्थियों को प्रेरणादायक प्रसंगों और कहानियों के माध्यम से निरंतर प्रयासरत रहने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के वाइस प्रेसिडेंट दिलीप सिंह यादव ने कहा कि विद्यार्थियों की इस विशेष सफलता के पीछे उनका अनुशासित व्यवहार, निरंतर परिश्रम, त्याग और संतुलित जीवनशैली का महत्वपूर्ण योगदान है। इसी का परिणाम है कि वे न केवल परीक्षाओं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर रहे हैं, बल्कि विद्यालय, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।

यूनेस्को एमजीआईईपी के अध्यक्ष तथा पैसिफिक समूह के पैट्रन प्रो. बी.पी. शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों को उपलब्ध संसाधनों का सकारात्मक उपयोग करते हुए अपनी रुचि के अनुसार विषयों का चयन करना चाहिए और पूर्ण समर्पण के साथ अध्ययन करना चाहिए। तभी भारत पुनः विश्वगुरु बन सकेगा और देश से वैज्ञानिक, खिलाड़ी, कूटनीतिज्ञ एवं वैश्विक आदर्श उभरेंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों को व्यवहारिक ज्ञान और उसके अनुप्रयोग की जानकारी भी होनी चाहिए। इसी दिशा में पैसिफिक विश्वविद्यालय निरंतर कार्यरत है।

पैसिफिक यूनिवर्सिटी के प्रेसिडेंट प्रो. हेमंत कोठारी ने अभिभावकों का विशेष धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग, प्रेरणा और समर्थन से ही विद्यार्थियों की प्रतिभा निखरकर सामने आती है और वे बड़े मंचों पर इस प्रकार के पुरस्कार प्राप्त करते हैं।

पैसिफिक समूह से श्री राहुल अग्रवाल एवं रजिस्ट्रार श्री शरद कोठारी ने सभी चयनित विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. दिलेन्द्र हिरण, डॉ. कपिलेश तिवारी तथा डॉ. हेमंत पंड्या ने उपस्थित गणमान्य अतिथियों, सभी संकायों के डीन, प्राचार्यों एवं शिक्षकों का आभार व्यक्त किया।

पुरस्कार प्राप्त कर विद्यार्थियों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार देखने को मिला। उनके प्रसन्न चेहरे इस बात का प्रमाण थे कि वे भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति ने इस आयोजन को अविस्मरणीय बना दिया।

Super Student Award Ceremony