Admission Enquiry
×
Admission Enquiry

पेसिफिक विश्वविद्यालय और रेडियो सिटी के संयुक्त तत्वावधान में

सुपर स्टूडेंट अवॉर्ड सीजन -1 का आयोजन

पेसिफिक विश्वविद्यालय और रेडियो सिटी के संयुक्त तत्वावधान में सुपर स्टूडेंट अवॉर्ड का आयोजन किया गया, जिसके अंतर्गत नवीं से बारहवीं तक के उन विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया जिन्होंने स्पोर्ट्स, कल्चरल, एक्स्ट्रा करिकुलर तथा अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। सामान्यतः अकादमिक शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को ही प्रोत्साहन दिया जाता है, जबकि अन्य विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन को अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता है, जिससे विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास प्रभावित होता है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए पेसिफिक विश्वविद्यालय ने रेडियो सिटी के साथ मिलकर इस आयोजन की पहल की।

पेसिफिक विश्वविद्यालय के सचिव राहुल अग्रवाल ने बताया कि पेसिफिक विश्वविद्यालय सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम के अंतर्गत उदयपुर संभाग के चयनित 200 विद्यार्थियों का सम्मान किया गया, जिन्होंने परीक्षा में 60 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों में भी उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल कीं।

पेसिफिक विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार शरद कोठारी के अनुसार खेलकूद, नृत्य, संगीत, गायन, वाद-विवाद, आशुभाषण तथा साहित्य लेखन जैसे क्षेत्रों में जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को इस कार्यक्रम के माध्यम से विशेष पहचान दिलाई गई।

समारोह के मुख्य अतिथि भरत मेहता, संयुक्त निदेशक, स्कूल शिक्षा विभाग, ने कहा कि सम्पूर्ण संभाग में इस प्रकार का आयोजन पहली बार किया गया है, जिससे विद्यार्थियों में अत्यधिक उत्साह देखने को मिला।

पेसिफिक विश्वविद्यालय के अकादमिक निदेशक प्रो. के. के. दवे ने बताया कि समाज के संपूर्ण विकास के लिए इस प्रकार की गतिविधियों का आयोजन अत्यंत आवश्यक है। इसी से एक स्वस्थ एवं समृद्ध समाज का निर्माण संभव है।

अभियात्रिंकी विद्यालय के निदेशक पियूष जवेरिया ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यवहारिक ज्ञान भी प्राप्त हो, इसके लिए पेसिफिक विश्वविद्यालय निरंतर प्रयासरत रहता है। विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु समय-समय पर सह-शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया जाता है, जिससे विद्यार्थियों में पढ़ाई के प्रति रुचि बनी रहे और वे विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ सकें।

विज्ञान विद्यालय के प्राचार्य डॉ. गजेन्द्र पुरोहित ने बताया कि विद्यार्थियों के हुनर को निखारने में यह अवॉर्ड सेरेमनी एक सफल प्रयास सिद्ध हुई है। समारोह में प्रो. हेमंत कोठारी, खेलशंकर व्यास, महेन्द्रसिंह सोजतिया, मुकेश श्रीमाली एवं अनुराग मेहता उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन करिश्मा दायर ने किया।